सगी बहन का कत्ल कर बनाया 4 मिनट का वीडियो, रूह कंपा देगी इस भाई की हैवानियत

नई दिल्ली: 19 जून 2024, दोपहर करीब 1 बजे का वक्त और हरियाणा के कैथल जिले की नानकपुरी कॉलोनी। अचानक एक घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही फायरिंग की आवाज दो-तीन बार और गूंज उठती है। घर के बाहर भीड़ जमा हो जाती है। तभी, 17 साल का एक लड़का हाथ में पिस्तौल लिए बाहर निकलता है। पिस्तौल लहराते हुए वो लड़का आसपास खड़े लोगों को डराता है और अपनी बाइक स्टार्ट कर वहां से भाग निकलता है। हिम्मत जुटाकर कुछ लोग घर में दाखिल होते हैं तो अंदर का हाल देखकर सहम जाते हैं। घर के अंदर तीन महिलाएं खून से लथपथ पड़ी थीं।

तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी जाती है और तीनों महिलाओं को नजदीक के हॉस्पिटल पहुंचाया जाता है। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही इनमें से एक महिला दम तोड़ देती है, जबकि बाकी दोनों की हालत गंभीर बताई जाती है। पूरी कॉलोनी में दहशत भरा सन्नाटा पसर जाता है। आखिर इस घर के अंदर क्या हुआ था? हाथ में पिस्तौल लेकर घर से भागा वो लड़का कौन था और उसने इन तीनों महिलाओं के साथ ऐसा क्यों किया? हालांकि, कुछ देर बाद पता चलता है कि जो लड़का इस घर से निकलकर भागा था, उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। इसके बाद सामने आती है कत्ल की वो कहानी, जिसे सुनकर लोगों की रूह कांप जाती है।

इस कहानी की शुरुआती होती ही 6 फरवरी 2024 को। हरियाणा में कैथल जिल के क्योड़क गांव की रहने वाली कोमल नाम की लड़की पड़ोस की कॉलोनी नानकपुरी के अनिल कुमार से लव मैरिज करती है। कोमल का परिवार इस लव मैरिज का विरोध करता है, लेकिन कोमल ठान लेती है कि चाहे जो हो जाए, वो अपनी जिंदगी अनिल के साथ ही बिताएगी। परिजनों के डर से शादी के बाद कोमल और उसका पति हाईकोर्ट पहुंच जाते हैं और दोनों को पुलिस सुरक्षा मिल जाती है। इसके बाद कुछ दिन पुलिस दोनों को एक सेफ हाउस में रखती और जब लगता है कि हालात ठीक हो गए हैं तो कोमल अपने पति के साथ अपनी ससुराल नानकपुरी में रहने लगती है।

कोमल और अनिल की जिंदगी में सब कुछ ठीक चल रहा था। अनिल हर तरह से कोमल का ध्यान रखता था और उसे कोई कमी महसूस नहीं होने देता था। हालांकि, कोमल की फैमिली से धमकियां अभी भी मिलती थीं, लेकिन पुलिस सुरक्षा मिलने की वजह से दोनों बेफिक्र थे। इसी बीच कोमल के छोटे भाई का उसके घर आना-जाना होने लगा। कोमल को लगा कि भाई से शुरुआत हुई है, धीरे-धीरे उसके परिवार के बाकी लोग भी इस शादी को स्वीकार कर लेंगे। देखते ही देखते दोनों की शादी को चार महीने बीत गए।

बुधवार को भी कोमल का भाई उसके घर आया। कोमल ने अपने भाई के लिए चाय बनाई और दोनों बैठकर बातें करने लगे। इसी बीच वो जैसे ही चाय के कप रखने के लिए उठी, उसके भाई ने पिस्तौल निकाली और कोमल पर गोली चला दी। गोली कोमल की गर्दन में लगी और वो वहीं गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर कोमल की ननद और उसकी सास दौड़ी हुई कमरे में आईं तो उसने उनके ऊपर भी फायर झोंक दिया। दोनों को लहुलूहान हालत में छोड़कर कोमल का भाई पिस्तौल लहराते हुए बाहर निकला और वहां से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद कोमल के भाई ने एक वीडियो शूट करना शुरू किया। इस वीडियो में उसने कहा, ‘भाइयों मैंने अपना काम कर दिया है। छोरा तो बच गया लेकिन छोरी नहीं छोड़ी। आ जा रहा हूं पुलिस थाने और वहां करूंगा सरेंडर। साफ-साफ सुन लो, अगर कोई भी म्हारे गांव की लड़की को लेकर भागा, तो उसे छोड़ूंगा नहीं। बीच में जो आएगा, उसे भी मारूंगा और अगर किसी ने गवाही दी, तो वो भी मरेगा। इस बार तो छोरा बच गया लेकिन बाहर आकर उसे भी नहीं छोड़ूंगा। मेरे सभी भाई इस वीडियो को देख लेना।’ करीब 4 मिनट 42 सेकंड के इस वीडियो में कोमल के भाई ने अपना गुनाह कबूल किया और फिर पुलिस थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.