आगरा में नव विवाहिता ने किया सुसाइड: 4 KM दूर रेलवे ट्रैक पर मिली लाश

आगरा झांसी रेलवे ट्रैक के पास गांव टपरा के नजदीक एक नव विवाहिता का शव मिला है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि ट्रेन के सामने कूदकर नवविवाहिता ने जान दे दी। महिला की डेढ़ महीने पहले शादी हुई थी। रात को घर से अकेले निकली थी। सुबह 6 बजे उसका 4 किमी दूर रेलवे ट्रैक पर शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजन भी नहीं समझ पा रहे आखिर नव विवाहिता यहां कैसे पहुंची।

राजस्थान के धौलपुर के गांव खिल्ली निवासी धन सिंह ने अपनी 20 वर्षीय बेटी आशा देवी की शादी मलपुरा के कंचनपुर निवासी रामवीर सिंह के साथ 10 मई 2024 को की थी। परिजनों ने बताया है कि बुधवार की रात को करीब 10 बजे आशा देवी खाना खाकर अपने पति के साथ सो गई। परिवार के सभी लोग भी घर पर सो गए। पति रामवीर ने बताया है कि उसकी नींद करीब 3 बजे खुल गई, तो देखा पत्नी आशा देवी बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद पति रामवीर सिंह ने इस बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने महिला को आसपास तलाशना शुरू किया। लेकिन महिला का कही कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुबह 6 बजे परिजनों को टपरा चौकी के पास आगरा झांसी रेलवे लाइन पर महिला शव क्षत विक्षत हालत में मिला है।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि आशा कुमारी ने रेल के आगे छलांग लगाकर खुदकुशी की होगी। दर्दनाक हादसा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजन समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर मृतक आशा देवी रेलवे लाइन पर कैसे पहुंची। रेलवे ट्रैक घर से लगभग 4 किमी दूर है। इसके बावजूद वह इतनी दूर कैसे पहुंची। इसके बाद उसने सुसाइड किया। पति रामवीर सिंह पेंटिंग का कार्य करते हैं। घटना की जानकारी पर आशा देवी के मायके के स्वजन भी आ गए। स्वजन घटना के पीछे कारण नहीं बता पा रहे हैं। थाना प्रभारी ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि महिला का पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके बावजूद परिजनों ने इसकी शादी यहां कर दी। जिससे वह परेशान रहती थी। शादी के बाद से किसी से ज्यादा बात नहीं करती थी। ससुराल वाले उसको मायके भी जाने नहीं देते थे। इसलिए शायद उसने आत्महत्या की होगी। वहीं परिजन इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.