नहर में मिली युवक की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सिलथरी गांव में गुरुवार की सुबह नहर में युवक का शव मिला। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। चार दिन पहले ही युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया।  आरोपियों के घर पर हमले की भी कोशिश की। मौके पर एएसपी कालू सिंह, सीओ डॉ. चारु द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पहुंच गए हैं। फॉरेनसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

चुर्क नगर के वार्ड नंबर पांच निवासी अरविंद चौहान  बुधवार की शाम किसी काम से रॉबर्ट्सगंज गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने पास के सिलथरी गांव से गुजरी नहर में युवक की लाश देखी। उसकी पहचान अरविंद के रूप में हुई। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि पिछले दिनों अरविंद का दूसरे वर्ग के कुछ लड़कों से विवाद हुआ था। इसमें पुलिस को सूचना भी दी गई थी, मगर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई कर पल्ला झाड़ लिया गया।

उसी विवाद में अरविंद की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया है। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर पर हमले की भी कोशिश की। उधर, फॉरेनसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि नहर में युवक की लाश मिली है। घरवाले पिछले दिनों हुए विवाद को लेकर ही हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस छानबीन कर रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज़ कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.