लापता व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस ने जताई खुदकुशी की आशंका

 

मेरठ के खरखौदा क्षेत्र के गांव खंदावली से लापता व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक स्थिति गड़बड़ होने के चलते खुदकुशी की है।

खंदावली निवासी महेश गिरी 48 वर्षीय पुत्र नानक चंद गिरी गुरुवार शाम से लापता चल रहा था। परिजनों ने रात्रि में ही काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार तड़के जब कुछ किसान खंदावली खरखौदा संपर्क मार्ग पर पहुंचे तो वहां एक खेत में खड़े शीशम के पेड़ से माहेश गिरी का शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक पर बड़ा कर्ज था, जिस कारण आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर चल रही थी। महेश गिरी अपनी कृषि भूमि को पहले ही बेच चुका था। बताया जा रहा है कि कर्जदारों के तकादे के कारण दो दिन पहले महेश गिरी ने अपने मकान का आधा हिस्सा भी बेच दिया। चर्चा यह भी है कि मकान बेचने से पत्नी नाराज हुई तथा वह अपने मायके उत्तराखंड चली गई। अब महेश गिरी अपने समाज के ही एक व्यक्ति की जमीन ठेके पर लेकर अपना घर का खर्च चला रहा था। हालांकि परिवार वालों का कहना है कि पत्नी के चले जाने के कारण उसने खुदकुशी की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.