पत्नी से परेशान होकर युवक ने लगाया फंदा, हालत गंभीर

कोटा: एक युवक ने अपनी पत्नी से झगड़ा होने के बाद फंदा लगा लिया। समय रहते घटना का पता लगने पर परिजनों ने उसे उतारा और स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किया गया। युवक बुद्धि प्रकाश बड़ौद ​​​​​​ एमपी का रहने वाला है। उसकी बड़ी बहन रामवती बाई ने बताया कि बुद्धि प्रकाश का उसकी पत्नी के साथ आए दिन झगड़ा होता रहता है। पत्नी और उसके पीहर वाले आए दिन बुद्धि प्रकाश पर दबाव डालते हैं और परेशान करते है। पत्नी भी उसके साथ मारपीट करती है। रविवार सुबह भी दोनों के बीच में घर में झगड़ा हो गया।

इसके बाद बुद्धि प्रकाश खेत पर काम करने चला गया। इसी दौरान उसकी पत्नी पीछे खेत पर आई और फिर झगड़ा करने लगी। उसे चप्पल से मारने की बात कहने लगी। बार बार झगडे़ से तंग आकर वह गुस्से में घर में गया और पंखे से फंदा लगा लिया। हालांकि खेत से घरवाले उसके पीछे दौड़े। दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। जैसे तैसे दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से उतारा। इसके बाद उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने के चलते उसे कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल रेफर किया गया है। उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.