अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हुई फायरिंग: कर्मचारियों को मारी गोली, दो हमलावर पकड़े गए

यूपी की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कैंपस में बुधवार सुबह फायरिंग हुई। हमलावरों ने 2 कर्मचारियों पर गोलियां बरसाई हैं। दोनों गंभीर घायल हैं। उन्हें कैंपस के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वारदात के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर भागने लगे, लेकिन AMU की सुरक्षा में तैनात जवानों ने दौड़कर दोनों हमलावरों को पकड़ लिया। वारदात की सूचना पर आस-पास की फोर्स पहुंच गई। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

AMU के प्रॉक्टर प्रोफेसर मो. वसीम अली ने कहा- घायल नदीम और कलीम AMU कैंपस से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। कलीम-नदीम आपस में भाई हैं। दोनों रजिस्ट्रार ऑफिस में तैनात हैं। हमलावरों के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, वो यूनिवर्सिटी के छात्र या कर्मचारी नहीं हैं। लोगों ने बताया है कि 5 राउंड गोली चली है। वारदात के कारण का पता नहीं चल पाया है। हमलावरों से पूछताछ की जा रही है। AMU की कुलपति प्रो. नाईमा खातून जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

AMU में फायरिंग की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले पिछले साल सितंबर में यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में फायरिंग हुई थी। बदमाश कैंटीन संचालक से हफ्ता मांगने पहुंचे थे। कैंटीन संचालक ने जब हफ्ता देने से मना किया, तो बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। ASP अमृत जैन ने कहा- सुबह AMU कैंपस में यह घटना हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। कैंपस के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने दो हमलावरों को पकड़ लिया। घायलों को जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए हमलावरों ने पूछताछ में आपसी रंजिश की बात कबूल की है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.