हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या

कोलकाता के एक सरकारी हॉस्पिटल में शुक्रवार को पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी महिला डॉक्टर की डेड बॉडी मिली। कोलकाता पुलिस के अनुसार मामला सुसाइड का नहीं है। रेप के बाद हत्या हुई है। ट्रेनी डॉक्टर की गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई मिली है। ऐसा लगता है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। महिला के आंख, मुंह और प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था। साथ ही उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ, रिंग फिंगर और होठों पर भी चोटें हैं। कोलकाता पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।

घटना के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स, भाजपा, कांग्रेस और वाम दलों के कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। ट्रेनी डॉक्टर चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट की PG स्टूडेंट थी। गुरुवार (8 अगस्त) की रात ड्यूटी कर रही थी। पिता का आरोप है कि RG कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उनकी बेटी के साथ रेप के बाद हत्या की गई है। अब सच्चाई को छिपाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रेनी डॉक्टर का शव उसके साथियों ने इमरजेंसी भवन के सेमिनार हॉल से बरामद किया। हम डॉक्टर्स, नर्सों और अन्य लोगों से बात कर रहे हैं जो उस रात ड्यूटी पर थे।

भाजपा IT सेल के प्रमुख और पश्चिम बंगाल भाजपा के सह प्रभारी अमित मालवीय ने ममता बनर्जी सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में एक महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना हुई। ममता बनर्जी सरकार कोलकाता पुलिस का इस्तेमाल मामले को दबाने के लिए कर रहा है, जबकि अस्पताल के अधिकारियों ने चोट के निशान की पुष्टि की है। बंगाल महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर कब तक आंखें मूंदे रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतक महिला के माता-पिता से फोन पर बात की। उन्हें दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.