पत्नी की मौत के गम में पति ने की आत्महत्या

बरेली में पत्नी की मौत से दुखी पति ने भी सुसाइड कर लिया। मौत से पहले उसने रोते हुए एक वीडियो बनाया। इसमें कह रहा है- मैं सुमन के बगैर नहीं रह सकता। उसकी बहुत याद आ रही है। 22 सालों में हम कभी अलग नहीं रहे। मुझे माफ कर देना। लॉकर में 10 हजार रुपए रखे हैं। उन पैसों से अंतिम संस्कार कर देना। हम दोनों की अस्थियां एक साथ बहा देना। सब लोग खुश रहना।

पुलिस ने बताया कि सुसाइड करने वाले व्यक्ति का नाम मुरारीलाल उर्फ छन्नू यादव  था। शनिवार सुबह उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मुरारीलाल की पत्नी की एक महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से वह परेशान था।

मुरारीलाल बारादरी थाना क्षेत्र के संजयनगर में रहता था। पत्नी की मौत के बाद उसने घर से निकलना भी बंद कर दिया। शनिवार सुबह मुरारीलाल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि पंखे पर रस्सी के सहारे शव फंदे से लटक रहा था। कमरे में ही सुसाइड नोट पड़ा था। जिसमें लिखा है- मैं सुमन के बिना जिंदा नहीं रह सकता…मुझे माफ कर देना।

इंस्पेक्टर बारादरी अमित पांडे ने बताया- मुरारीलाल के मोबाइल में मौत से पहले का वीडियो मिला है। उसके भाई से घटना की जानकारी ली जा रही है। परिवार ने इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। सीओ- 3 अनीता चौहान ने बताया- मुरारीलाल पहले प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन पिछले कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। जहां उसने सुसाइड किया, उसी घर में उसका एक भाई रहता है। मुरारीलाल के बच्चे नहीं हैं। वह अपने भाई से कहता था-मैं भी इस घर को छोड़कर चला जाऊंगा। अब मेरा इस दुनिया में कोई नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.