बदलापुर में बवाल, दो छात्राओं से दरिंदगी के बाद प्रदर्शन

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से रेप-मर्डर के बीच ठाणे के बदलापुर में एक स्कूल में 3 और 4 साल की दो बच्चियों के यौन-शोषण का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गुस्साई भीड़ और पुलिस के बीच मंगलवार को झड़प हुई। भीड़ ने पहले स्कूल में तोड़फोड़ की, उसके बाद बदलापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें रोकीं।

पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। 23 साल के आरोपी ने 16 अगस्त को स्कूल के बाथरूम में बच्चियों का यौन-शोषण किया था। बच्चियों के पेरेंट्स ने एक दिन बाद (17 अगस्त) FIR दर्ज कराई।

पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी अक्षय शिंदे को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके की महिला इंस्पेक्टर शुभदा शितोले का ट्रांसफर कर दिया गया है। स्कूल प्रिंसिपल, क्लास टीचर और एक महिला कर्मचारी को निलंबित किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने को कहा गया है।

मंगलवार सुबह 8 बजे घटना से गुस्साए लोग बदलापुर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर खड़े होकर प्रदर्शन करने लगे। कई ट्रेनों को रोका गया। पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस पर भी पथराव हुआ है।

दूसरी तरफ लोगों ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सुबह 9 बजे से शुरू हुए लोगों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से कल्याण- बदलापुर लोकल ट्रेन सर्विस ठप पड़ी है। कई संगठनों ने आज विरोध में बदलापुर बंद का ऐलान किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दोषियों को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा- 10 साल पहले दिल्ली में निर्भया कांड हुआ था और दोषियों को सजा मिली थी, लेकिन कितने समय बाद? न्याय में देरी करने वालों को भी दोषी ठहराया जाना चाहिए। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.