पेपर खराब होने पर युवक ने की आत्महत्या

 

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी योगेश कुमार सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना शनिवार रात बरेली में फरीदपुर कस्बे की है। योगेश ने एक दिन पहले ही रामपुर जिले में सिपाही भर्ती के लिए पेपर दिया था। उसका पेपर खराब हुआ। इसी के चलते उसने सुसाइड किया है। जब कमरे पर साथी ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया- फतेहगंज पूर्वी थाना के सैदपुर मंझा निवासी योगेश ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उसका शव फरीदपुर में किराए के कमरे पर मिला। जहां कमरे में दूसरे साथियों ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर फरीदपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक की मौत की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी है।

बताया गया कि योगेश पिछले पांच साल से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। साल 2023 में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दी, लेकिन वह स्थगित हो गई। अब पुलिस भर्ती परीक्षा दोबरा कराई जा रही है। 24 अगस्त को योगेश ने रामपुर जिले में सेकेंड शिफ्ट में परीक्षा दी थी। पेपर देकर देर शाम वह फरीदपुर में कमरे पर लौटा। पेपर खराब होने से परेशान था। इसी डिप्रेशन में उसने सुसाइड किया है।

योगेश की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिवार ने एक साल पहले तैयारी कराने के लिए गांव से 24 किमी दूर फरीदपुर कस्बे में किराए का कमरा दिलवाया था। ताकि, योगेश पुलिस में भर्ती हो सके। योगेश 3 भाइयों में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर का भाई योगेंद्र और तीसरे नंबर का सचिन भी पढ़ाई कर रहा है। पिता अजयपाल यादव के पास 5 बीघा जमीन है, तो वह घर की जिम्मेदारी के लिए फैक्ट्री में नौकरी करते हैं।

योगेश एक महीने में अपने घर आता-जाता था। शनिवार को योगेश का रामपुर जिले में सेंटर था। रात 8 बजे मां मीना देवी ने योगेश को कॉल की। योगेश ने कहा- मम्मी अभी रास्ते में हूं। रूम पर पहुंचकर आराम से बात करूंगा। इस पर मां ने पूछा कि बेटा पेपर कैसा हुआ… योगेश ने कहा- मम्मी पेपर ठीक हुआ है।

सीओ फरीदपुर गौरव सिंह ने कहा- मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पूरे मामल में जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पेपर खराब होने पर सुसाइड का मामला लग रहा। परिवार वालों से किसी और वजह के बारे में बात की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.