यमुना पुल पर हादसा, 80 फीट गहरी खाई में गिरे पति-पत्नी

 

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। यमुना नदी के पुल पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर बैठे महिला और पुरुष पुल से नीचे करीब 80 फीट गहरी खाई में गिर गए। जानकारी के मुताबिक थाना शमशाबाद क्षेत्र के कस्बा में गोपालपुरा के रहने वाले डालचंद  अपनी पत्नी संगीता देवी के साथ डिस्कवर बाइक से दोपहर तकरीबन 2:00 बजे फिरोजाबाद अपनी ससुराल जा रहे थे।

फिरोजाबाद बॉर्डर पर शंकरपुर घाट पर बने पुल पर जैसे ही वह पहुंचे, तो पुल पर ही सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक का बैलेंस ऐसा बिगड़ा कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी पुल से नीचे तकरीबन 80 फीट गहरी खाई में बाजरे के खेत में जा गिरे। नीचे गिरने से बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा कि बाइक सवार डालचंद के दो बेटे हैं। एक 15 साल और एक 12 साल का है।

मृतक परचून की दुकान पर काम करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं है। हादसे के बाद मौके पर एसीपी फतेहाबाद फोर्स के साथ पहुंचे। यमुना नदी के पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों मृतक पति-पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि बाइक सवार पति-पत्नी शमशाबाद के रहने वाले हैं। बाइक पर सवार होकर फिरोजाबाद अपनी ससुराल जा रहे थे। अर्टिगा कार का चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.