स्टेशन से 8 महीने का बच्चा हुआ चोरी

 

मथुरा जंक्शन से 8 महीने का बच्चा चोरी हो गया। आगरा के थाना अछनेरा स्थित बीज गोदाम की रहने वाली महिला सुनीता शर्मा मथुरा जंक्शन पर रहकर आस-पास काम करती है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे सुनीता अपने 8 माह के बच्चे के साथ बैठी थी। दूध ठंडा कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति आया और कहा कि बच्चे को ठंडा दूध मत पिलाओ। लाओ मैं बच्चे को दूध पिला देता हूं। सुनीता ने दूध का बोतल और बच्चे को उस व्यक्ति को पकड़ा दिया। अपने झोले में सामान रखने लगी। इतने में चोर बच्चे को लेकर भाग गया। सुनीता ने अपने बच्चे को आस-पास तलाश किया, करीब एक घंटे तक जब उसका पता नहीं चला तो उसने GRP थाना पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद GRP ने बच्चे की तलाश शुरू की। CCTV चेक करने पर पता चला कि प्लेटफॉर्म नंबर 9-10 से सुबह 6.33 बजे सफेद टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति बच्चे को अपनी गोद में ले जाता हुआ दिखा। थर्ड एंट्री से बाहर निकला। घटना के बाद GRP थाना पुलिस ने इस मामले को दबाकर रखा, रविवार सुबह CCTV सामने आया तो आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।

पुलिस अब स्टेशन से बाहर जाने वाले सभी CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। 25 अगस्त 2022 को मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 से सात महीने के बच्चे को एक व्यक्ति मां के पास से उठा ले गया था। इस मामले का खुलासा करते हुए रेलवे पुलिस ने हाथरस के डॉक्टर दंपती के साथ बच्चा खरीदने वाले फिरोजाबाद की पार्षद को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद किया था। दो साल बाद एक बार फिर बच्चा चोरी होने के बाद स्टेशन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.