सुसाइड करने से रोकने पर बेटे ने ली पिता की जान

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक बेटे ने अपने ही पिता का सिर ईंट से कूचकर उन्हें मार डाला| पिता का कसूर बस इतना था कि वो उसे सुसाइड करने से रोक रहे थे| हत्याकांड को अंजाम देने के बाद बेटा इतना घबराया कि वो मौके से फरार हो गया| उधर, गांव वालों ने हत्या की सूचना पुलिस को दी| मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया| फिलहाल कातिल बेटे की तलाश में पुलिस जुटी हुई है| पुलिस ने कहा- जल्द ही हम आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लेंगे| घटना पिपराइच के हरखापुर गांव की है| यहां रहने वाले सत्य प्रकाश तिवारी  पत्नी की मौत के बाद एकलौते बेटे कन्हैया तिवारी के साथ गांव में रहते थे| दोनों मजदूरी और भृक्षाटन करके जीवन यापन करते थे| कन्हैया को शराब पीने की बुरी लत है| इसी बात को लेकर पिता से उसका हमेशा झगड़ा होता था|

बुधवार की रात में बेटा कन्हैया शराब के नशे में ही घर आया और पिता से विवाद हो गया| इसके बाद उसने घर में ही पंखे से फंदा बना लिया और खुदकुशी करने की बात कहने लगा| घर के बाहर बैठे पिता उसकी हरकत जानकर अंदर आ गए और उसे खुदकुशी करने से मना करने लगे| घर में विवाद होने का शोर सुनकर आसपास के कुछ लोग भी घर के बाहर आ गए| इसी बीच बेटे ने ईंट से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई| आरोपी फिर मौके से फरार हो गया| आसपास के लोगों के सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची| उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा|

सत्य प्रकाश की पत्नी ने 20 वर्ष पहले खुदकुशी कर ली थी| गांव वालों ने बताया कि आर्थिक तंगी से परेशान होकर उन्होंने फंदा लगाकर जान दे दी थी| इसके बाद से ही पिता-पुत्र अकेले मकान में रहते थे| पिता पुत्र में काफी स्नेह भी था, लेकिन शराब की लत की वजह से अक्सर विवाद होने लगा था| गांव वालों की मानें तो इसके पहले भी कन्हैया कई बाद पंखे से रस्सा लगाकर लटकने की बात कर चुका था| लेकिन पिता के मना करने पर मान जाता था| लेकिन, बुधवार को वह इतना अक्रामक हुआ कि उसने पिता की जान ले ली| कन्हैया अपनी शादी को लेकर काफी परेशान रहता था| वो शादी करना चाहता था| लेकिन आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण पिता उसकी शादी नहीं करवा पा रहे थे. वो हमेशा उसकी शादी की बात को टाल देते थे| बुधवार रात को भी वह घर पर नशे की हालत में चीख चीख कर शादी की बात बोल रहा था| आसपास के लोगों को लगा कि यह रोज की बात है| इस वजह से सामने नहीं आए और उसने पिता की हत्या कर दी| फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है|

Leave A Reply

Your email address will not be published.