पुणे में निर्भया कांड, गैंगरेप के बाद आरोपियों की तलाश

 

महाराष्ट्र के पुणे में 21 साल की लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। कोंडवा पुलिस के मुताबिक यह घटना गुरुवार रात को पुणे के बोपदेव घाट इलाके में हुई। लड़की अपने दोस्त के साथ घाट पर गई थी, जहां रात करीब 11 बजे तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया। हालांकि, घटना की खबर शुक्रवार सुबह 5 बजे पुलिस को दी गई। पुणे के जॉइंट CP रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध राजेखान करीम पठान को गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।

बाकी 2 आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए क्राइम ब्रांच और डिटेक्टिव ब्रांच की 10 टीमें बनाई गई हैं, जो कोंढवा इलाके में छानबीन कर रही हैं। जॉइंट CP रंजन कुमार ने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि लड़की अपने दोस्त के साथ घाट के सुनसान इलाके में थी। रिपोर्ट के मुताबिक एक आरोपी उनकी कार के पास आया और बोला कि इस इलाके में कपल्स का आना मना है।

इसके बाद उसने दोनों की तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद आरोपियों में से एक ने लड़की को धमकी देते हुए उसे अपनी कार में जबरन बैठा लिया। दूसरी जगह ले जाने के बाद उन्होंने कार रोकी और उसके साथ गैंगरेप किया। इससे पहले आरोपियों ने उसके दोस्त को कपड़े से बांध दिया था। लड़की अस्पताल में है, उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आज ही लड़की का बयान दर्ज करेगी।

सुप्रिया ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए सुप्रिया सुले ने एक पोस्ट में लिखा- “पुणे में क्या हो रहा है? बोपदेव घाट में एक लड़की से गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुणे और पूरे राज्य में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गृह विभाग इन्हें रोकने के लिए कुछ भी नहीं कर रहा है। दुर्भाग्य से यह कहना होगा कि महाराष्ट्र महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। सरकार को उक्त घटना के आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.