बाइकों की भिड़ंत, महिला की मौत, एक घायल

फतेहपुर।न्यूज़ वाणी नफीस जाफरी फतेहपुर थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिलंदा के समीप हाईवे पर शनिवार की दोपहर दो बाइकों की आमने सामने हुई भिड़ंत में जहां एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। वहीं दूसरी बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। जिसे उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के अलादातपुर गांव निवासी श्यामलाल की पत्नी छेद्दी देवी अपनी बहू श्यामा देवी पत्नी चंद्रपाल व पुत्र पिंटू के साथ मोटर साइकिल से इसी थाना क्षेत्र के सुधवा गांव रिश्तेदारी में जा रही थी। बताते हैं कि तभी किशनपुर कस्बा निवासी जगऊ प्रसाद का 35 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार बाइक द्वारा शहर आ रहा था। जैसे ही बाइक बिलंदा के समीप हाईवे पर पहुंची। तभी दोनों की बाइकों की भिड़ंत हो गयी। जिसके फलस्वरूप छेद्दी देवी व विनोद बुरी तरह घायल हो गये। जबकि पिंटू व उसकी भाभी श्यामा देवी को एक भी खरोंच नहीं आयी। उधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची 108 नम्बर एम्बुलेन्स ने घायलों को आनन फानन उपचार के लिये जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने छेद्दी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद का इलाज किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.