ताइवान के विमानों ने चीनी बम वर्षकों का किया पीछा

ताइपे। चीन ने शुक्रवार को फिर ताइवान पर सैन्य दबाव बनाने की कोशिश की। लेकिन इस बार ताइवान ने उसे करारा जवाब दिया। शुक्रवार तड़के चीन के दो एच-6 बमवर्षक विमानों ने ताइवान के इर्द-गिर्द चक्कर लगाए। इसकी भनक लगते ही ताइवान ने भी अपने लड़ाकू विमान चीनी बमवर्षकों का पीछा करने के लिए भेज दिए।ताइवान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार चीनी बमवर्षकों ने ताइवान और फिलीपींस को अलग करने वाले बाशी चैनल और जापान के मियाको स्ट्रेट के ऊपर से होते हुए ताइवान के चक्कर लगाए। ताइवानी विमानों ने भी उनका पीछा करते हुए निगरानी की। रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा, ‘ताइवानी लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारी वायुसेना चीनी विमानों की गतिविधि पर नजर रखने और अपनी सुरक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है।’चीन ने हालांकि अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। चीन, ताइवान को अपना हिस्सा मानता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइवान को अलग-थलग करने के लिए वह साम, दाम, दंड, भेद यानी सभी तरह की नीति अपना रहा है। चीनी दबाव के चलते ही सहयोगी रहे अफ्रीकी देश बर्किना फासो ने हाल में ताइवान से अपने संबंध खत्म कर लिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.