पांच हजार आठ सौ साल पुरानी है चीन की सभ्यता

बीजिंग । दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक चीन की सभ्यता 5,800 साल पुरानी है। देश के पुरातत्व वैज्ञानिकों ने सोमवार को एलान किया कि चीन की सभ्यता 5,800 साल पहले शुरू हुई थी और 3,800 साल पहले तक वह पूरी तरह विकसित हो चुकी थी।
चीन की सभ्यता इससे पहले तक पांच हजार साल पुरानी मानी जाती थी। इसकी शुरुआत को लेकर कई अटकलें और सिद्धांत दिए गए थे। इन पर विराम लगाने के लिए देश के विज्ञान और तकनीक मंत्रालय ने 2001 में एक शोध कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके तहत द इंस्टीट्यूट ऑफ आर्कियोलॉजी ऑफ द चाइनीज अकादमी ऑफ सोशल साइंसेज और पेकिंग यूनिवर्सिटी के प्रमुख पुरातत्व वैज्ञानिकों ने वर्ष 2016 तक शोध किया।
सांस्कृतिक धरोहर विभाग के उप निदेशक गुआन कियांग ने इसके नतीजों की घोषणा करते हुए बताया कि सभ्यता की पहली निशानी यलो, यांगत्से और पश्चिमी लायो नदी के पास मिली है।
5,300 साल पहले चीन के अन्य इलाकों में भी पहले से उन्नत सभ्यताओं का विकास हुआ। 3,800 वर्ष पूर्व तक आते-आते देश के मध्य में स्थित समतल इलाकों में समृद्ध और ज्यादा परिपक्व सभ्यता अस्तित्व में थी जिसने आसपास के इलाकों को भी प्रभावित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.