फेसबुकिया प्यार के चक्कर में प्रेमी भी निकला धोखेबाज

झारखंड। झरिया के आनंद नामक युवक से पतरातू में रहने वाली इंटर की छात्रा के साथ फेसबुक पर दोस्ती हुई। दोनों में प्यार हो गया। एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खायी। छात्रा ने युवक से मिलने की बात कही तो आनंद ने उसे झरिया बुलाया। किशोरी ने भी किसी बात की परवाह किए बिना ही परिजनों को बिना जानकारी दिए झरिया के लिए निकल पड़ी। किशोरी धनबाद स्टेशन पहुंचकर जब आनंद को फोन किया तो उसने उसे झरिया भगतडीह आरएसपी कालेज के समीप आने की बात कही। किशोरी एक युवक से बाइक पर लिफ्ट लेकर झरिया आरएसपी कालेज के समीप पहुंचकर आनंद के आने का इंतजार करने लगी।
कई बार फोन व फेसबुक पर संपर्क भी किया। आनंद आ रहे हैं कहता रहा। वह पास के दुखहरणी मंदिर के पास ही इंतजार करने लगी। इंतजार में रात हो गई। पर आनंद नहीं आया। रात होने के कारण कुछ मनचले युवक उसके साथ अभद्रता करने लगे। लड़की के रोने व शोर सुनकर आसपास के लोग मंदिर पहुंचे। वहीं के रहने वाले चंदन नामक युवक ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
चंदन ने छात्रा को अपने महिला परिजनों के साथ रात को घर में ठहराया। शुक्रवार की सुबह चंदन छात्रा को लेकर झरिया थाना पहुंचा। पुलिस के बार-बार पूछने पर भी छात्रा ने युवक के बारे में कुछ नहीं बताया। न ही उसका मोबाइल नंबर दिया। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। परिजन झरिया थाना पहुंच कर छात्रा को अपने साथ ले गए। परिजनों ने बताया कि छात्रा गुरुवार को काम से बाहर जाने की बात कह कर घर से निकली थी। पर देर शाम तक वापस नहीं आने पर स्थानीय पुलिस को लापता होने की सूचना दी।
लड़की के मिलने पर परिजनों ने भी राहत की सांस ली। वह जिस युवक के कहने पर झरिया आई थी। उसका तो कुछ पता नही चला। लोगों का कहना है कि युवक गलत मंशा से छात्रा को झरिया मिलने के लिए बुलाया था। जहां पर छात्रा युवक का इंतजार कर रही थी। वहां मनचलों व अपराधियों का जमावड़ा लगा रहता है। शुक्र है कि छात्रा के साथ किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.