किनार में सो रहे वृद्ध दंपती की हत्या

कौशांबी।सरायअकिल थाना क्षेत्र के हासिमपुर किनार गांव के बाहर अमरूद के बाग में सोते समय वृद्ध दंपती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बेटे ने सुबह दोनों की रक्त रंजित लाश देखी। बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात कातिलों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिवार के लोग कुछ नहीं बता पा रहे हैं।हासिमपुर किनार निवासी 70 वर्षीय मोलई प्रसाद के दो बेटे जगतपाल और चंद्रपाल हैं। मोलई प्रसाद व उनकी 65 वर्षीय पत्नी दुखनी देवी अपने बड़े बेटे जगतपाल के साथ गांव के बाहर स्थित बाग में छप्पर डालकर रहते हैं। बाग में ही नलकूप है। छोटा बेटा चंद्रपाल गांव में ही घर पर अपने बीवी-बच्चों के साथ रहता है। मंगलवार की रात जगतपाल अपने पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल रेहड़ापर निमंत्रण में शामिल होने गए थे। आधी रात को दोनों की धारदार हथियार से मुंह व सिर में वार कर हत्या कर दी गई। सुबह जब जगतपाल परिवार के साथ ससुराल से गांव वापस लौटे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाग पहुंचे तो खून से लथपथ माता व पिता की लाश देखी। जानकारी मिलते ही भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष हेमंत मिश्र ने बताया कि घटनास्थल पर 10-10 रुपये के चार सिक्के पड़े थे। दुखनी देवी के एक पैर की पायल टूटी हुई चारपाई से बाहर पड़ी थी। देखने से साफ लग रहा है कि हत्या के पहले उनका कातिलों से संघर्ष भी हुआ है। थानाध्यक्ष सरायअकिल हेमंत मिश्र ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूर हसिया, गड़ासा व कुल्हाड़ी के बेंत मिले हैं। कातिल कौन हैं और किस लिए हत्या की, इस बारे में परिवार के लोग भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.