फंदे से झूलते मिले मां-बेटी, मृतका थी तीसरी पत्नी , जता रहे मायके वाले हत्या की आशंका

 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले  में शुक्रवार को मां-बेटी का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान रामायण महतो की पत्नी रेखा देवी (30) और बेटी अनन्या कुमारी (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है।

रेखा रामायण की तीसरी पत्नी थीं। उनकी पहली दो पत्नियों की भी मौत हो चुकी है।घटना के समय घर में कोई नहीं था। सूचना मिलने पर बरुराज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। फंदा काटकर शव को उतारा गया। कमरे की बारीकी से तलाशी ली गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 मृतका के मायके से भी परिजन पहुंचे। उन्होंने हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जाहिर की है। हालांकि, अब तक पुलिस में लिखित शिकायत नहीं की गई है। मौके पर मौजूद ASI योगेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

लटके थे दोनों एक ही फंदे से
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि एक दुपट्टे के फंदे से दोनों के शव लटक रहे हैं। बच्ची का पैर जमीन से ऊपर था। जबकि मां का पैर हल्का जमीन को छू रहा था। दोनों की गर्दन अकड़ चुकी थी। इसलिए पुलिस और स्थानीय लोग भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे थे कि हत्या है या आत्महत्या।

पहले भी  हो चुकी दो पत्नियों की  मौत
पुलिस जांच में पता लगा कि रामायण की ये तीसरी शादी थी। दो पत्नियों की मौत पूर्व में हो चुकी है। इधर, कुछ दिनों से रामायण महतो घर से बाहर रहता था। घर पर उसके बड़े भाई समेत अन्य लोग रहते थे। लेकिन, घटना के समय किसी के घर में नहीं होने की बात बताई जा रही है। इस बिंदु पर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.