खाना बनाने के दौरान  सिलेंडर फटने से हुई 5 बच्चों की मौत

 

बिहार के बांका में खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। वहां मौजूद 5 बच्चों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है। वहीं, घर के कई सदस्य भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। घटना रजौन के राजावर गांव की है।

हादसे को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से यह घटना हुई है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही बांका से सांसद गिरिधारी यादव सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के पिता से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।

आग लगने के बाद फटा सिलेंडर

लोगों ने बताया कि राजावार गांव निवासी अशोक पासवान के घर पर उनकी पत्नी सरीता देवी खाना बना रही थी। तभी गैस पाइप लीक होने से आग लग गई। आग लगने के बाद सिलेंडर फट गया। इससे घर में खेल रहे पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि मृत बच्चों के पिता अशोक पासवान मछली बेचते थे। उनके 4 और एक भतीजी की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डेढ़ घंटे बाद  आग पर काबू पाया

  घटना की सूचना मिलते ही इलाके के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। पुलिस बल और फायर बिग्रेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, जिले के डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।

 दूर तक सुनाई पड़ी ब्लास्ट की आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब 6 बजे अचानक गैस सिलेंडर विस्फोट होने की आवाज सुनाई पड़ी। आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल गया। आसपास के लोग भी उस ओर दौड़ पड़े। गैस सिलेंडर को देखकर ऐसा लग रहा था कि यह काफी पुराना था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.