प्यार में मिला धोखा, छात्रा ने घर में फांसी लगाकर दी जान

  महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र की श्याम नगर कॉलोनी में रहने वाली डीएस कॉलेज की छात्रा ने प्यार में धोखा मिलने से आहत होने के चलते शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खबर पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम तक पुलिस मामले में प्रेमी के खिलाफ तहरीर का इंतजार कर रही थी।

अमीर निशा में कपड़े की दुकान पर काम करने वाले श्याम नगर निवासी राजू सिंह की 21 वर्षीय बेटी वर्षा सिंह डीएस कॉलेज से बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार दोपहर वह घर में ही थी। मां पहले माले पर बने कमरे में थी, तभी नीचे के कमरे में वर्षा ने दुपट्टा से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

इसी बीच नीचे के कमरे में छोटा भाई आया तो अंदर से कमरा बंद होने पर उसने दरवाजे पर दस्तक दी। मगर किसी तरह का जवाब नहीं मिला। बाद में खिड़की से झांककर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में वर्षा का शव लटका था। शोर पर परिवार के सभी सदस्य व अन्य लोग एकत्रित हो गए। खबर पर पिता भी आ गए और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नौकरी लगने के बाद युवक ने दिया धोखा
परिवार ने पुलिस को बताया कि रेलवे कॉलोनी में रहने वाले एक युवक से पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वर्षा के प्रेम संबंध थे। पिछले दिनों युवक की मृत आश्रित कोटे में अपने पिता की जगह रेलवे में नौकरी लग गई। दोनों में बातचीत होती थी। परिवार के विरोध के बाद भी वर्षा ने परिवार को शादी के लिए मना लिया। मगर नौकरी लगने के बाद युवक ने शादी से इंकार कर दिया। तभी से वह तनाव में थी। बीती रात को युवक को फोन मिलाया। मगर उसने फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी कोई जवाब नहीं दिया। बाद में नंबर तक ब्लॉक कर दिया। इसी से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया है। पूछताछ में पता चला कि वह पढ़ने में बेहद होशियार थी और एनसीसी कैडेट्स भी थी। वह पढ़ाई पूरी कर सिविल सर्विस की तैयारी कर आईपीएस बनने का सपना देखे हुए थी। मगर सब बेकार हो गया।

पति से कलह पर पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के सुरेंद्र नगर में बैटरी-इन्वर्टर दुकान के संचालक की पत्नी ने घर में हुए विवाद पर शुक्रवार देर शाम फांसी लगा ली। बताया गया है कि 35 वर्षीय सुनीता पत्नी बंटी तीन बच्चों के साथ मकान में रहते थे। शुक्रवार दोपहर पति से किसी बात पर सुनीत का विवाद हुआ। इसके बाद पति दुकान पर चला गया। पीछे से पत्नी ने घर की तीसरी मंजिल के कमरे में जाकर फांसी लगा ली। शाम करीब आठ बजे बच्चों ने ऊपर जाकर देखा तो मां का शव लटका देख दंग रह गए। उन्होंने शोर मचाया। बाद में खबर पर पिता व पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाकी कारणों को लेकर जांच जारी है। अभी तक दंपती में विवाद की बात सामने आई है। ब्यूरो

Leave A Reply

Your email address will not be published.