सीतापुर में 7 दिन पहले किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर बनाया था वीडियो,पुलिस ने2 आरोपियों के पैर में मारी गोली

 

सीतापुर में करीब 7 दिनों पहले एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों के साथ पुलिस की शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से 2 आरोपी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, बाकी 3 आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक बाइक, 3 अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं।

छेड़छाड़ रास्ते में रोककर की थी 

बता दें, मामला तालगांव थाना क्षेत्र का है। बीती 15 अप्रैल को थाने पर एक युवक ने तहरीर दी, जिसमें उसने बताया कि वह अपनी छोटी साली के साथ बाइक से जा रहा था। रास्ते में मोहम्मदीपुर पुलिया के निकट कुछ अज्ञात लड़कों ने उनको रोक लिया। उन लड़कों ने उसकी साली के साथ छेड़छाड़ की और रेप की भी कोशिश की।

युवक के साथ की मारपीट
वहां मौजूद कुछ अन्य लड़कों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो लड़कों ने उसके साथ मारपीट की। युवक की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया। पांचों टीमें तब से इनकी तलाश में जुटी हुई थीं।
पुलिस पर की फायरिंग
शुक्रवार देर रात पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि कुछ अभियुक्त भागने की फिराक में हैं। सूचना पर तालगांव पुलिस ने घेराबंदी कर सलीमपुर मोड़ के पास से 3 अभियुक्तों को दबोच लिया, जबकि 2 अभियुक्तों ने भागने की नीयत से पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 के पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल हो गए।

SP ने दी जानकारी
आनन-फानन में पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एसपी आरपी सिंह का कहना है, घायल दोनों अभियुक्तों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। ये दोनों शातिर अभियुक्त हैं। इलाज के बाद दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reply

Your email address will not be published.