अलीगढ़  में  5 महीने पहले हुई थी शादी, कार व 5 लाख की डिमांड पूरी न होने पर दहेज हत्या का आरोप 

 

अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी इलाके के बरौला जाफराबाद में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई, जबकि मायका पक्ष ने ससुरालियों पर जहर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने पति सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, देहलीगेट के गूलर रोड निवासी श्योराज सिंह ने बताया कि करीब पौने 5 महीने पहले 24 वर्षीय बेटी गीता की शादी बरौला जाफराबाद निवासी रजत कुमार से की थी। शादी में हैसियत के हिसाब से खर्च भी किया था। कुछ दिन सब सही चला, लेकिन बाद में 5 लाख रुपये व कार की डिमांड होने लगी। गीता पर मायके से मांग पूरी कराने के लिए ससुरालीजन दवाब बनाने लगे।

श्योराज सिंह ने बताया कि शादी से अब तक कई बार समझाया, बात नहीं बनी। जानकारी मिली कि गीता की तबीयत खराब है। उसको मेडिकल में ससुरालियों ने भर्ती कराया। मायका पक्ष से परिजन मेडिकल पहुंच गए। आरोपी है इसी बीच ससुराली पक्ष वहां से फरार हो गया। इलाज के दौरान गीता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

श्योराज सिंह ने बताया कि उनकी बेटी को जहर देकर हत्या हुई है। क्योंकि उन्होंने दहेज मांग पूरी नही की थी। पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। अभी आरोपी मौके से फरार हैं। वहीं, पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गीता की मौत की खबर से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.