भाकियू में दो फाड़, अराजनैतिक गुट के अध्यक्ष बने राजेश चौहान – राजनीति से प्रेरित हो गए हैं नरेश व राकेश टिकैत – स्व. महेंद्र सिंह टिकैत के सपनों को पूरा करेगा संगठन

फतेहपुर। किसानों के हित की बात करने वाले भारतीय किसान यूनियन संगठन में आज एक नया मोड़ आ गया। किसानों के मसीहा कहे जाने वाले स्व. महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिले के निवासी राजेश सिंह चौहान ने भाकियू (अराजनैतिक) संगठन की घोषणा कर दी। सर्वसम्मति से उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। श्री चौहान ने नरेश व राकेश टिकैत को राजनीति से प्रेरित होना बताया। उन्होने कहा कि स्व. महेंद्र सिंह टिकैत के सपनों को संगठन पूरा करेगा। उधर जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो राजेश सिंह चौहान को बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।
बताते चलें कि भारतीय किसान यूनियन की नींव किसान नेता स्व. महेंद्र सिंह टिकैत ने रखी थी। यह संगठन प्रदेश के सभी जनपदों में फैला हुआ है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यूनियन के उच्च पदाधिकारियों का राजनैतिक दलों से नजदीकियां बढ़ने पर संगठन में खींचतान शुरू हो गई थी। रविवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्व. महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे राजेश सिंह चौहान की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उन्होने स्व. टिकैत को नमन करते हुए भाकियू से अपने सभी नाते तोड़ लिए और नए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) संगठन की घोषणा कर दी। सर्वसम्मति से उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम के दौरान श्री चौहान ने आरोप लगाया कि भाकियू के नरेश टिकैत व राकेश टिकैत राजनीति से प्रेरित हो गए हैं जबकि स्व. महेंद्र सिंह टिकैत ने भाकियू संगठन का निर्माण किसानों के हक की लड़ाई के लिए किया था। उन्होने कहा कि अब वह अपने संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूत करके स्व. महेंद्र सिंह टिकैत के सपनों को साकार करने का काम करेंगे। बताते चलें कि राजेश सिंह चौहान फतेहपुर जनपद के हथगाम ब्लाक के सिठौरा गांव के रहने वाले हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.