पति ने हाथ बांधकर नीचे फेंका, प्रेमी की भी हत्या करने की कोशिश

आगरा में पति ने पत्नी की चौथी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी। महिला प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी। पति और उसके साथ आए युवकों ने प्रेमी को भी कमरे में बांधकर पीटा। उसकी हत्या करने की कोशिश की। बमुश्किल वह उनके चंगुल से बचकर निकल पाया।

पुलिस ने महिला के पति और उसकी दो बहनों को मौके से पकड़ लिया है। आरोपी से साथ आए दो युवक फरार है। पुलिस उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह भी पता चला है कि महिला दो महीने पहले ही प्रेमी के साथ इस अपार्टमेंट में शिफ्ट हुई थी।

पति और दो बहनों को पुलिस ने पकड़ा
ताजगंज इलाके में ओम श्री अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर-406 में रितिका और विपुल अग्रवाल लिव-इन में रहते थे। रितिका का अपने पति आकाश गौतम और विपुल का अपनी पत्नी से तलाक का केस चल रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उनके फ्लैट पर तीन युवक और दो महिलाएं आईं।

थोड़ी देर बाद अपार्टमेंट के लोगों ने किसी भारी चीज के नीचे गिरने की आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो सामने रितिका की लाश पड़ी हुई थी। हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। अपार्टमेंट में रहने वालों ने तुरंत पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना पर डिप्टी एसपी अर्चना सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंची।

मौके पर पुलिस ने रितिका के पति आकाश गौतम और उसकी दो बहन सुनीता और सुशीला को पकड़ लिया। साथ ही, प्रेमी विपुल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

विपुल बोला- खिड़की का शीशा तोड़कर जान बचाई
रितिका के प्रेमी विपुल अग्रवाल ने बताया, “पांच लोग घर पर आए। दरवाजा खोलते ही अंदर घुस गए। उनमें से सिर्फ रितिका के पति आकाश गौतम को ही मैं पहचानता था। वह टूंडला का रहने वाला है। उन लोगों ने आते ही मुझसे और रितिका से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद रितिका को रस्सी से बांधा और उसका गला दबाया और चौथी मंजिल से उसे नीचे फेंक दिया। वो लोग मेरी भी हत्या करने वाले थे। मगर, मैंने खिड़की का शीशा तोड़कर शोर मचाया। आसपास के लोग आने पर बड़ी मुश्किल से मेरी जान बची।

2014 में रितिका ने आकाश से की थी लव मैरिज
पुलिस ने बताया कि रितिका गाजियाबाद के विजयनगर की रहने वाली थी। 2014 में उसने आकाश से लव-मैरिज की थी। आकाश, फिरोजाबाद के टूंडला का रहने वाला है। 3 साल बाद भी इनके रिश्ते में दरार आ गई। रितिका, पति से अगल हो गई। दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा था

वहीं, प्रेमी विपुल भी फिरोजाबाद का रहने वाला है। वह डेढ़ साल से रितिका के साथ लिव-इन में रह रहा था। यह लोग थोड़े दिनों में ही अपना घर बदल देते थे। जिस अपार्टमेंट में वारदात हुई है। वहां दोनों दो महीने पहले ही शिफ्ट हुए थे। अपार्टमेंट भी निर्माणधीन है। ज्यादातर फ्लैट खाली पड़े हुए हैं। विपुल शादीशुदा है। उसका भी पत्नी से तलाका का केस चल रहा है।

रितिका के चेहरे पर कट के निशान
रितिका के चेहरे पर एक कट का निशान भी है। ऐसा लग रहा है कि उसके साथ पहले मारपीट की गई। फिर उसकी हत्या की गई। हालांकि, पुलिस इस मामले में अभी जांच करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.