वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप दें प्रधान: सुजाता – पौधों के संरक्षण का मिल-जुलकर करें प्रयास – पर्यावरण दिवस पर जनपद में लगेंगे 35 लाख पौधे: डीएम

फतेहपुर। वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाए जाने के लिए शासन की नामित नोडल अधिकारी ने प्रधानों के साथ जूम बैठक करते हुए आहवान किया कि वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाए। पौधों का संरक्षण मिल-जुलकर करें। जिससे धरती को हरा-भरा बनाया जा सके। डीएम ने बताया कि पर्यावरण दिवस पर इस बार जनपद में 35 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में नोडल अधिकारी/सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास एमडी सुजाता शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधानों की जूम बैठक आयोजित हुई। नोडल अधिकारी ने प्रधानों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण महाभियान को सफल बनाएं। ताकि जनपद में वृक्षारोपण अभियान को महाभियान का रूप दिया जा सके। वृक्षारोपण करने के साथ ही उसकी सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी मिल-जुलकर प्रयास किया जाए। साथ ही जिओ टैगिंग फ़ोटो ग्राफ्स के साथ करें। जनपद में मेरा आंगन मेरा पेड़ की थीम को पर्यावरण दिवस में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कराएं। अभियान को सफल बनाने के ग्राम स्तर पर बैठक कर लें। चिह्नित सार्वजनिक स्थलों में अधिक वृक्षारोपण कराया जाए। कहा कि यदि पौधे नहीं है तो आज शाम उठान करा लें। जहाँ पर गड्ढे नहीं खोदे गए हैं उनको खुदवा लें। अभियान को वृहद रूप देने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, एफपीओ आदि को शामिल कर लें। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने कहा कि पर्यावरण दिवस पर जनपद को 35 लाख पौधे लगवाने का लक्ष्य मिला है। जनपद में मेरा आँगन, मेरा पेड़ की थीम पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम को आपस मे सहयोग करके अभियान को सफल बनाएं। प्रधान अपने ग्राम स्तर पर आगनबाड़ी, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाएं। यदि वृक्षारोपण अभियान में पौधे शेष बच जाते है तो उन पौधो को नजदीकी नर्सरी में रखवाकर नर्सरी तैयार कर लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश, वनाधिकारी रामानुज त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी ब्रजेश सिंह, डीएसटीओ जोगेंद्र सिंह यादव, सहायक श्रमायुक्त सुमित कुमार, डीसी मनरेगा अशोक कुमार गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी उदय राज सिंह उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.