वन महोत्सव पर धरा में रोपे गए साढ़े पच्चीस लाख पौधे – सेमरा मानापुर की झील में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने लगाए पौध – जनांदोलन चौपाल के जरिए वृक्षारोपण व उनके संरक्षण पर किया जागरूक

फतेहपुर। जिले में वन महोत्सव पर सभी विकास खंडों में संबंधित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने धरा पर पौध रोपित किए। शहर क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्क पर नोडल अधिकारी समेत डीएम अपूर्वा दुबे ने पौधरोपण किया। उधर हथगाम विकास खंड की ग्राम पंचायत सेमरा मानापुर स्थित झील में वन महोत्सव के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, नामित नोडल अधिकारी/सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास एमडी पिकप सुजाता शर्मा, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वृक्षारोपण जनांदोलन चौपाल के माध्यम से वृक्षारोपण व उनके संरक्षण के बारे में जागरूक किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि झील 44 हेक्टेयर के सापेक्ष वर्तमान में निर्माणाधीन कुल भूखण्ड 20 हेक्टेयर में 04 झीलो का 05 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमिगत जल स्तर को बनाये रखने के साथ यह स्थान क्षेत्रीय पर्यटन के रूप में भी पहचाना जाएगा। इन झीलों की सुंदरता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से वृक्षो का बहुत योगदान है। झीलों पर जिला प्रशासन द्वारा वृक्षारोपण कराया जा रहा है। नोडल अधिकारी सुजाता शर्मा ने कहा कि जनपद में तीन चरणों में लगभग 49 लाख 54 हजार एक सौ चौहत्तर का लक्ष्य प्राप्त हैं। आज 35 लाख 67 हजार पांच के सापेक्ष 25 लाख 68 हजार दो सौ चौवालीस पौध विभिन्न विभागों एवं ग्राम पंचायतों आदि में रोपित किये गए। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए। ऑक्सीजन का श्रेय पेड़ो से है, हर व्यक्ति अपने ऑंगन में दो पेड़ अवश्य लगाकर एक जागरूक नागरिक का परिचय दें। सीडीओ सत्य प्रकाश ने कहा कि 49 लाख, 54 हजार, एक सौ चौहत्तर पौध वन महोत्सव के तहत लगाए जाएंगे। जिसमे स्वयं सेवी संगठन, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, आशा द्वारा बढ़-चढ़ कर वृक्षारोपण किया जा रहा है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी आरएन त्रिपाठी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने बताया कि 06 व 07 जुलाई को द्वितीय चरण तथा 15 अगस्त को तृतीय चरण में अवशेष वृक्षारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए एमपी चौबे ने किया। इसके पश्चात विकास खंड हथगाम के ग्राम पंचायत सेमरा मानापुर स्थित झील में अध्यक्ष जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह ने बरगद, शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी ने पीपल, एसपी ने बरगद, सीडीओ सत्य प्रकाश ने पाखर, एडीएम (वित्त/राजस्व) विनय कुमार पाठक ने आम, प्रभागीय निदेशक आरएन त्रिपाठी ने जामुन के पौधे रोपित किए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य, उपजिलाधकारी सदर नन्द प्रकाश मौर्य, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, ग्राम प्रधान सुरेन्द्र कुमार मौर्या, आंगनबाड़ी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आशा, स्वयं सेवी संगठन सहित भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.