राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी, पीएम मोदी, शाह और योगी ने किया मतदान

 

देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस मतदान में कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा ले रहे हैं। चुनाव में राजग उम्मीदवाद द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी तय है। 27 दलों के समर्थन  के  साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों का समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

 

राष्ट्रपति चुनाव महज एक औपचारिकता: नीरज तमांग जिम्बा

दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव महज एक औपचारिकता है। वह पहले ही जीत चुकी है। आंकड़े कहते हैं कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनेंगी। खुशी का मौका है। हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। यह ऐतिहासिक है।

 

बंगाल के सभा विधायक मतदान के लिए राज्य विधानसभा के लिए रवाना

राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक राज्य विधानसभा के लिए रवाना हो गए हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।

 

राष्ट्रपति चुनाव में कुल कितने वोटर्स होंगे? 

राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा, राज्यसभा और राज्यों के विधानसभा के सदस्य वोट डालते हैं। 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में से 233 सांसद ही वोट डाल सकते हैं। 12 मनोनीत सांसद इस चुनाव में वोट नहीं डालते हैं। इसके साथ ही लोकसभा के सभी 543 सदस्य वोटिंग में हिस्सा लेंगे। इनमें आजमगढ़, रामपुर और संगरूर में हुए हालिया उपचुनाव के विजेता सांसद भी शामिल होंगे।  इसके अलावा सभी राज्यों के कुल 4 हजार 33 विधायक भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालेंगे। इस तरह से राष्ट्रपति चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 4 हजार 809 होगी। हालांकि, इनके वोटों की वैल्यू अलग-अलग होगी

 

राज्यवार विधायकों के वोट की कितनी अहमियत होती है?

देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के एक विधायक के वोट की वैल्यू सबसे ज्यादा 208 होती है। वहीं, इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु के एक विधायक के वोट की वैल्यू 176 तो महाराष्ट्र के एक विधायक के वोट की वैल्यू 175 होती है। बिहार के एक विधायक के वोट की वैल्यू 173 होती है। सबसे कम वैल्यू सिक्किम के विधायकों की होती है। यहां के एक विधायक के वोट की वैल्यू सात होती है। इसके बाद नंबर अरुणाचल और मिजोरम के विधायकों का आता है। यहां के एक विधायक के वोट की वैल्यू आठ होती है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.