हीटवेव से दुनिया के 7 देश बेहाल, 1700 से ज्यादा मौतें, पढ़िये पूरी ख़बर

 

यूरोप समेत दुनिया के 7 देश इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इससे पहले आखिरी बार सबसे ज्यादा तापमान 39.1 डिग्री 2019 में दर्ज किया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस, इटली, पुर्तगाल, स्पेन और ग्रीस में गर्मी लगातार कहर बरपा रही है। जंगल की आग काबू में नहीं आ रही है। इससे लगातार गर्मी बढ़ रही है। इससे पिछले एक हफ्ते में स्पेन और पुर्तगाल में 1700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में गर्मी से सड़कों पर डामर पिघल गया। स्कूलों को बंद कर दिया गया है और देश एक तरह से ठप है।

 यूके के लिंकनशायर और हीथ्रो एयरपोर्ट पर भी मंगलवार को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अन्य 33 जगहों पर पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने राजधानी लंदन समेत मध्य, उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है।

लंदन के कई इलाकों में ट्रेन सर्विस प्रभावित हुई है। मिडिलैंड्स रेलवे ने लोगों से घरों में रहने की अपील की। अलर्ट में कहा कि ट्रैक, हवा की तुलना में 20 डिग्री ज्‍यादा गर्म होते हैं। तापमान बढ़ा तो फिर ये ट्रैक पिचक और झुक जाएंगे। लंदन में ट्रेनें 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं। इससे ज्यादा नुकसान की खबर है। दो दिन में यहां हीटवेव से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई।

फायर बिग्रेड टीम को कई जगह से आग लगने की जानकारी मिली। लेकिन पूर्वी लंदन का वेनिंगटन में भीषण आग लगी। यहां कई घर जलकर खाक हो गए। ल्‍यूटॉन एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन रनवे के मरम्मत के बाद मंगलवार को फिर शुरू हो गया।

स्पेन : स्पेन में 36 जगहों पर जंगल की आग धधक रही है। 70 हजार हेक्टेयर जंगल जल चुका है। दक्षिण-पश्चिमी स्पेन में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और देश के बाकी हिस्सों में 40 डिग्री तक जा चुका है।

पुर्तगाल : पुर्तगाल के जंगल में लगी आग से 160 से अधिक लोग घायल हो गए। सैकड़ों लोगों अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुर्तगाल में 2017 के बाद ऐसे गंभीर हालात बने हैं। यहां 17 जुलाई को आग पर काबू पाने में जुटा एक फायर फाइटिंग प्लेन क्रैश हो गया था। इस दौरान पायलट की मौत हो गई थी।

फ्रांस : फ्रांस के 22 हजार एकड़ में फैले जंगल में आग लगने से 12 हजार लोगों को बचाया गया। 3000 से ज्यादा फायरफाइटर्स आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
UN ने चेताया
एक्सट्रीम वेदर को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है। संगठन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि जंगल की आग और हीट वेव के चलते आधी मानवता ही सामूहिक आत्महत्या के मुहाने पर पहुंच गई है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.