नवनिर्वाचित राष्ट्रपति से मिले सामाजिक कार्यकर्ता योगेश

फतेहपुर। जनपद के निवासी सामाजिक कार्यकर्ता योगेश त्रिपाठी ने नई दिल्ली में देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर बधाई दी। राष्ट्रपति से भेंट के बाद श्री त्रिपाठी ने कहा कि सामान्य सामाजिक कार्यकर्ता के लिए सौभाग्य की बात है कि देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति का स्नेहिल आशीर्वाद व्यक्तिगत रूप से प्राप्त हुआ। मेरे लिए ये सुखद पल जीवन भर अविस्मरणीय रहेंगे।
गौरतलब है कि योगेश कुमार त्रिपाठी जनपद के खागा तहसील के ग्राम भखरना के निवासी हैं। पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से देश के विभिन्न प्रदेशों और नगरों में आयोजित होने सामाजिक कार्यक्रमों में निरंतर सक्रिय रहते हैं। पौधरोपण, दिव्यांग एवं वृद्धजनों की सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री त्रिपाठी को पूर्व में प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा भारत गौरव सम्मान सहित आधा दर्जन से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। श्री त्रिपाठी वर्तमान समय में देश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले के सहायक निजी सचिव के रूप में नई दिल्ली में कार्यरत हैं। यथासंभव गृह जनपद फतेहपुर के सामाजिक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.