धूमधाम से मनाई जाएगी स्वतंत्रा दिवस की 75 वीं वर्षगांठ – हर घर तिरंगा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की बनाई रणनीति

खागा/फतेहपुर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से रविवार को उप जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चेयरमैन, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, व्यापारियों, सभासदों, शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर रणनीति बनाई। चेयरमैन गीता सिंह व अधिशाषी अधिकारी लालचंद्र मौर्य, प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह ने नगर पंचायत की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन देते हुए नगर में साप्ताहिक 100 फुट का तिरंगा फहराने की बात कही। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने नगर सहित क्षेत्र के सभी व्यापारियों से हर घर तिरंगा कार्यक्रम को ऐतिहासिक कार्यक्रम बनाने की अपील की!
रविवार को उप जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ पर आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर विधिवत रूप में चर्चा की। एसडीएम ने उपस्थिति सभी लोगों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हम सबको इस कार्यक्रम में किसी न किसी रूप से योगदान देना है। सबको आज से अपने घर, गांव, समाज आदि जगह जाकर लोगों को इस कार्यक्रम के विषय जानकारी देते हुए अपने घरों, दुकानों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों को यह भी जानकारी दिया कि तिरंगा कैसे लगाना है, उसकी ऊंचाई आदि के विषय में विस्तृत जानकारी दी। अधिशाषी अधिकारी लालचंद्र मौर्य ने जानकारी दी कि नगर पंचायत की ओर से दस हजार तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी को नगर पंचायत की ओर से झंडें उपलब्ध कराएं जाएंगे। लोग पूरे मन से इस कार्यक्रम में समर्पित होकर साथ दें। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को बहुत ही शानदार ढंग से सम्पन्न करवाया जाएगा। नगर पंचायत की ओर से हर प्रकार का सहयोग रहेगा। उन्होंने 15 अगस्त पर नगर में 100 फिट का तिरंगा फहराने की भी बात कही। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने कहा कि यह सभी को देश की 75 वीं वर्षगांठ मनाने का अवसर प्राप्त हो रहा है। देश की आजादी में न जाने कितने लोग शहीद हो गए। अब इस कार्यक्रम को अच्छे और ऐतिहासिक ढंग से मनाकर उन सभी शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह, माया शिवहरे, अमिताभ शुक्ल, अनिल साहू, अशफाक अहमद उर्फ पप्पू, भूपेंद्र सिंह गौतम, मुन्ना, अब्दुल हफीज, प्रधानाचार्य संजय कुमार, अख्तर हुसैन उर्फ शानू बाबा, रामविशाल नेता भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.