युवक ने पत्नी को यमुना में फेंका, सोचा हो गई मौत, फिर मिली चौंकाने वाली खबर

 

 

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक युवक ने पत्नी के यमुना नदी में धोके से फेंक दिया, लेकिन पत्नी की किस्मत अच्छी थी। जिस जगह वह गिरी वहां पर पानी कम था, इस वजह से उसकी जान बच गई। महिला ने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। मायके वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता के रहने वाले अरविंद की शादी आठ साल पहले संतोषी निवासी नगला मदारी, सिरसागंज के साथ हुई थी। अरविंद नारखी के खुशालपुर का रहने वाला है। अरविंद सिलाई का काम करता है। उनके दो बच्चे भी हैं। संतोषी के भाई चंद्रकांत ने बताया के पति-पत्नी में किसी बात को लेकर शुक्रवार दोपहर को झगड़ा हो गया था। इसके बाद अरविंद यमुना दर्शन कराने के बहाने से पत्नी को अपने साथ बटेश्वर ले गया। यहां यमुना के पुल से संतोषी को उसने धोके से फेंक दिया। इसके बाद वह घर वापस आ गया।

संतोषी की किस्मत अच्छी थी क्योंकि जिस स्थान पर संतोषी को फेंका था, वहां पानी कम था। वह किसी तरह किनारे तक पहुंच गई, वहां मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाल लिया। जिसके बाद संतोषी ने घटना की जानकारी अपने घरवालों को दी। इसके बाद मायका पक्ष के  लोगों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अरविंद को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.