यमुना नदी में स्नान करते दो लड़कियां डूबी, एक की मौत

खागा/फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर मजरे चंदनापुर गांव में दो लड़कियां यमुना नदी में नहाते समय डूब गयीं। जिसमें एक की मौत हो गयी व दूसरी को ग्रामीणों की मदद से सकुशल बचा लिया गया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी मनीष कुमार व थानाध्यक्ष संजय कुमार ने जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर मजरे चंदनापुर गांव निवासी प्रेम केवट की छह वर्षीय पुत्री इंद्रावती व देवनाथ की 16 वर्षीय पुत्री मेनका रविवार को दोपहर एक बजे यमुना नदी में नहाते समय डूबने लगी थी। तभी पास में खड़े ग्रामीणों ने देखकर आनन-फानन में कूदकर इंद्रावती को बचा लिया तथा दूसरी बड़ी लड़की मेनका की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गयी। जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाल लिया गया। मृतका के पिता देवनाथ ने बताया कि चारा काटने के उपरांत यमुना नदी में नहाने लगी थी।जिसमें इंद्रावती नहाते समय डूबने लगी थी। तभी डूबता देख कर मेनका बचाने में लग गई। किसी प्रकार से इंद्रावती को बचा लिया गया लेकिन मेनका की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी मनीष कुमार व थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम उपरांत रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।राहत आपदा से मिलने वाली धनराशि आने पर उपलब्ध करा दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.