लव अफेयर से नाराज लड़की के परिवार ने लड़के की पीट-पीटकर हत्या

 

 

सीतामढ़ी में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। लव अफेयर से नाराज लड़की के परिवार ने लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की वाले दोनों के रिश्ते से नाराज चल रहे थे। लड़के के पिता ने बताया कि 10 अगस्त को लड़की के चाचा ने दोनों को धोखे से बुलाया और अधमरा होने तक पीटा। इसके बाद दोनों की शादी करवा दी। उसी हालत में वो दोनों को सड़क किनारे फेंक कर चला गया। इसके बाद दोनों का इलाज चल रहा था। रविवार को लड़के की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मामला नानपुर थाना क्षेत्र के भदियन गांव का है। मारपीट में लड़के के सिर में गंभीर चोट आई थी। जिसे पहले इलाज के लिए सीतामढ़ी और फिर पटना रेफर किया गया। जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डेढ़ साल से था अफेयर

राजू राम नानपुर थाने के छोटा भदियन वार्ड नंबर 4 का रहने वाला था। पास के ही गांव की चंचला से उसका डेढ़ साल से अफेयर चल रहा था। इसके बाद दोनों करीब आते गए। फोन पर बातें होने लगी। इसी बीच परिवार को इस रिश्ते की भनक लगी। परिवार ने दोनों को समझाया लेकिन वो मिलते रहे। राजू और चंचला ने शादी करने का फैसला कर लिया। ये बात जैसे ही लड़की के परिवार को पता चली तो दोनों को धोखे से बभनगाझी गांव के पास बुलाया और फिर मारपीट के बाद शादी करवा दी।

अधमरी हालत में परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया

सूचना के बाद लड़के के परिवार वालों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों प्रेमी युगल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां लड़की की तबीयत में तो सुधार हो रहा था, लेकिन राजू राम की हालत काफी नाजुक हो गई। जिसके बाद उसे PMCH पटना में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। राजू राम के मौत से परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। वही मृतक की मां और प्रेमिका का रो रो कर बुरा हाल है।

पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में नानपुर थानाध्यक्ष राकेश रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लड़की अभी अपने ससुराल में ही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.