फर्जी बैनामे के विरोध में दिव्यांग ने शुरू की भूख हड़ताल – मांग पूरी न होने तक हड़ताल जारी रखने की दी चेतावनी

फतेहपुर। असोथर विकास खंड के ग्राम घरवासीपुर (भैरवां) में एक नेत्रहीन दिव्यांग की खेती को एग्रीमेंट के नाम पर फर्जी बैनामा करा लिए जाने के मामले में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद विकलांग कल्याण सहायता समिति के प्रबंधक जितेंद्र मिश्र अष्टावक्र व पीड़ित नेत्रहीन दिव्यांग ने कलेक्ट्रेट पर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। दोनों दिव्यांगों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
भूख हड़ताल पर बैठे पीड़ित नेत्रहीन दिव्यांग छोटेलाल सिंह पुत्र स्व. कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि गांव में उसकी दो बीघा सात बिसवा खेती है। जिसका एग्रीमेंट एक व्यक्ति ने उससे कराया लेकिन एग्रीमेंट के नाम पर उससे भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। जमीन का फर्जी बैनामा करा लिए जाने से उसके सामने संकट खड़ा हो गया है। बताया कि इसकी जानकारी उसने असोथर थानाध्यक्ष से की लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह बात समिति के प्रबंधक जितेंद्र मिश्र अष्टावक्र को बताई। जिस पर आज दोनों लोग कलेक्ट्रेट पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। जब तक फर्जी बैनामा निरस्त नहीं किया जाता तब तक वह दोनों भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.