70 साल बाद भारत में 8 चीते, PM मोदी ने कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ा

 

 

भारत का 70 साल का इंतजार आज खत्म हुआ। नामीबिया से आए 8 चीतों ने भारत की सरजमीं पर पहला कदम रखा। कूनो नेशनल पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉक्स खोलकर तीन चीतों को क्वारंटीन बाड़े में छोड़ा।

कूनो के टिकटौली गेट से 18 किलोमीटर अंदर 5 हेलिपैड बनाए गए हैं। इनमें से 3 प्रधानमंत्री और उनकी सिक्योरिटी के लिए आए हेलिकॉप्टर के लिए रिजर्व हैं। यहां से 500 मीटर के दायरे में 10 फीट ऊंचा प्लेटफॉर्मनुमा मंच है। इसी मंच के ठीक नीचे 6 फीट के पिंजरे में चीते थे। PM ने लीवर के जरिए बॉक्स को खोला।

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। वे नेशनल पार्क में आमंत्रित किए गए बच्चों के साथ जन्मदिन मनाएंगे। उन्होंने चीता मित्र दल के सदस्यों से भी बात की। पीएम मोदी आधा घंटे यहां रहेंगे।

चीतों को खास पिंजरों में लाया गया
शनिवार सुबह 7.55 बजे नामीबिया से स्पेशल चार्टर्ड कारगो फ्लाइट 8 चीतों को भारत लेकर आई। 24 लोगों की टीम के साथ चीते ग्वालियर एयरबेस पर उतरे। यहां उनका रुटीन चेकअप हुआ। चीतों के साथ नामीबिया के वेटरनरी डॉक्टर एना बस्टो भी आए हैं। नामीबिया से चीतों को खास तरह के पिंजरों में लाया गया। लकड़ी के बने इन पिंजरों में हवा के लिए कई गोलाकार छेद किए गए हैं। ग्वालियर एयरबेस से चिनूक हेलिकॉप्टर के जरिए चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया।

ग्वालियर एयरपोर्ट पर CM ने किया PM को रिसीव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कूनो जाने से पहले विशेष विमान से दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उन्हें रिसीव किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मप्र के लिए इससे बड़ा कोई तोहफा नहीं। देश में चीते विलुप्त हो गए थे और इन्हें फिर से बसाना एक ऐतिहासिक कदम है। यह इस सदी की सबसे बड़ी वन्यजीव घटना है। इससे मध्यप्रदेश में पर्यटन को तेजी से बढ़ावा मिलेगा।

अपडेट्स…

कूनो से…

  • सुबह 10.30 बजे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कूनो पहुंचे।
  • सुबह 10 बजे चिनूक हेलिकॉप्टर से चीतों को यहां लाया गया।
  • कूनो नेशनल पार्क में आवाजाही तेज हो गई है। टिकटोली गेट से 18 किलोमीटर अंदर प्रोग्राम होगा।
  • फ्लाइट लेट होने की वजह से यहां ग्वालियर से 10 बजे चीते आ सके।
  • केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शुक्रवार देर शाम ही कूनो आ गए थे। वन मंत्री विजय शाह भी आज पहुंच गए हैं।

ग्वालियर से…

  • सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से विशेष विमान से ग्वालियर आए। 5 मिनट रुक कर कूनो के लिए रवाना हुए।
  • सुबह 9.30 बजे चिनूक हेलिकॉप्टर के जरिए चीतों को कूनो नेशनल पार्क ले जाया गया।
  • सुबह 7.55 बजे स्पेशल चार्टर्ड कारगो फ्लाइट ग्वालियर में इंडियन एयरफोर्स के एयरबेस पर लैंड हुई। शहर के लोगों ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
  • चीतों को लेकर आ रही फ्लाइट सुबह 6 बजे ग्वालियर आना थी। नामीबिया से फ्लाइट देरी से उड़ी।

कराहल से…

  • सुबह 9 बजे राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव कराहल पहुंचे। बोले- ये देश के लिए बहुत बड़ा दिन है।
  • दोपहर 12 बजे श्योपुर जिले की कराहल तहसील मुख्यालय में महिला स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन होना है। PM मोदी इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम की लगभग सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। स्व सहायता समूहों की महिलाएं कार्यक्रम स्थल पहुंचने लगी हैं। 1 किमी पहले ही गाड़ियों को रोका जा रहा है।

प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • 11:30 बजे हेलिकॉप्टर से कराहल रवाना होंगे।
  • 11.50 बजे कराहल पहुंचेंगे।
  • 12 से 1 बजे तक महिला स्व सहायता समूह सम्मेलन में शामिल होंगे।
  • 1.15 बजे कराहल से हेलिकॉप्टर से ग्वालियर रवाना।
  • 2.15 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • 2.20 बजे दोपहर को ग्वालियर से रवाना।

8 चीतों में 2 सगे भाई भी

दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया विश्वविद्यालय में प्रो. एड्रियन ट्रोडिफ ने बताया कि भारत आए 8 चीतों में दो सगे भाई हैं। इनकी उम्र ढाई से साढ़े पांच साल के बीच है। चीते की औसत उम्र 12 साल होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.