उधार न चुकाने पर व्यक्ति को जिंदा फूंका, बेटी की शादी के लिए पिता ने लिया था कर्ज

 

 

दिल्ली में उधार लौटाने से नाकाम रहने पर एक शख्स की जिंदा जलाकर हत्या करने की कोशिश की गई। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की पार्किंग में सो रहा था। करीब 80 फीसदी जली अवस्था में पीड़ित को लोकनायक अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को पीड़ित ने बयान दिया है कि बेटी की शादी के लिए उसने आरोपी से एक लाख रुपये उधार लिया था, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से वह पैसे वापस नहीं कर पा रहा था। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मूल रूप से गांव जैथरा, एटा यूपी निवासी जोगराज की नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पार्किंग में जूते चप्पल मरम्मत की दुकान है। 21 सितंबर की देर रात पुलिस को जोगराज के जलाए जाने की जानकारी मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, आसपास के लोगों ने आग बुझाकर उसे पास स्थित लोकनायक अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। इसके बाद पुलिस लोकनायक अस्पताल पहुंची। जोगराज ने बताया कि मई महीने में उसने अपनी बेटी की शादी की थी। इसके लिए उसने राजीव नाम के व्यक्ति से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उसने राजीव को धीरे धीरे कर पैसे वापस करने की बात कही।

कुछ दिनों से राजीव पैसे वापस करने के लिए उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। जोगराज ने बताया 21 सितंबर की देर रात करीब दो बजे वह स्टेशन परिसर की पार्किंग में सो रहा था। उसकी नींद खुली तो उसने एक युवक को उसके शरीर पर तेल डालते हुए देखा। जब तक वह कुछ समझ पाता राजीव ने माचिस की तिल्ली जलाकर उसके शरीर पर फेंक दी। शरीर में आग लगते ही वह खुद को बचाने के लिए शोर मचाने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद राजीव दो युवकों के साथ स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जोगराज 80 फीसदी झुलस गया है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी राजीव की तलाश में दबिश दी और गुरुवार को उसे इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.