खागा/फतेहपुर | न्यूज़ वाणी
किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब चंदापुर स्वास्थ्य केंद्र के पास एक लावारिस कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़ी एक आल्टो कार को देखा। पास जाने पर कार से तेज दुर्गंध आ रही थी। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो सीटें खून से सनी हुई थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। कार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। कार के पिछले शीशे पर “शकील अहमद सभासद” लिखा हुआ है, जिससे वाहन की पहचान को लेकर जांच तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कार का इस्तेमाल गौ तस्करी जैसे संगठित अपराध में किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि देर रात तस्करी के दौरान वाहन खराब हो गया होगा, जिसके बाद आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, कार पर लिखे नाम के व्यक्ति से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वाहन को खखरेरू कस्बे के मोहम्मद गुफरान नामक व्यक्ति को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस अब वाहन के वास्तविक स्वामी और घटना से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी गौवंश के अवशेष मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे इस मामले को और गंभीरता से देखा जा रहा है। इस संबंध में किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
News Wani
