हैदराबाद: तेलंगाना निकाय चुनाव में अब तक 423 नगर नगरपालिका वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें कांग्रेस बंपर जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है. कांग्रेस 224 नगरपालिका सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है. वहीं, बीजेपी सिर्फ 37 सीट ही हासिल कर पाई है. भारत राष्ट्र समिति ने 131 सीटें अभी तक जीती हैं. तेलंगाना में 116 नगर पालिकाओं और 7 नगर निगमों के चुनाव के लिए आज काउंटिंग हो रही है. मतगणना राज्य भर के 123 केंद्रों पर हो रही है. तेलंगाना में इस बार सत्तारूढ़ कांग्रेस, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.
इन चुनावों के रिजल्ट से साफ हो जाएगा कि राज्य में किस पार्टी की लहर है. मतों की गिनती में समय लगने की संभावना है, क्योंकि मतदान के दौरान मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया था. डाक मतपत्रों की गिनती सबसे पहले शुरू की गई. वोटिंग के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्रों पर लगभग 12,000 पुलिस कर्मियों और रैपिड एक्शन टीम को तैनात किया गया है. मतगणना कक्ष के भीतर केवल मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, उम्मीदवार और उनके चुनाव एवं मतगणना एजेंट ही मौजूद हैं.
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों और ‘स्ट्रांग रूम’ के बाहर ‘वेबकास्टिंग’ की जा रही है. चुनाव में 73 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया. तेलंगाना की नगरपालिकाओं और निगमों के कुल 2,996 वार्डों में से 1728 वार्डों के नतीजे आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए गए हैं. कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. कांग्रेस ने 923 वार्ड जीते. बीआरएस ने 481 वार्ड जीते. भाजपा ने 156 वार्ड जीते. एआईएमआईएम ने 30 वार्ड जीते. सीपीआई (मार्क्सवादी) को 7 सीटें मिलीं. अन्य राजनीतिक दलों ने कुल मिलाकर 24 वार्ड जीत, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 105 सीटें जीतीं.
पार्टी वाइस रिजल्ट (घोषित वार्ड)
• भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC): 923
• भारत राष्ट्र समिति (BRS): 481
• भारतीय जनता पार्टी (BJP): 156
• अखिल भारतीय अग्रगामी दल (AIFB): 6
• अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM): 30
• मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI(M): 7
कांग्रेस को जीत का भरोसा
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने 12 फरवरी को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेताओं राहुल गांधी एवं के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की और उन्हें बताया कि कांग्रेस को शहरी चुनावों में अच्छे परिणाम मिलेंगे. कांग्रेस और पहले दो कार्यकाल तक राज्य पर शासन कर चुकी बीआरएस, दोनों के विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरने की उम्मीद में भाजपा ने निकाय चुनाव में जोरदार प्रचार किया.
News Wani
