बाराबंकी में शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे लखनऊ-अयोध्या हाईवे गोलियों की आवाज से गूंज उठा। माफिया मुख्तार अंसारी के शूटर रहे शोएब किदवई उर्फ बॉबी (50) को बाइक सवार बदमाशों ने कार में घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उस पर 15 से ज्यादा राउंड फायर हुए। वारदात असेनी मोड़ के पास सर्विस लेन पर हुई। हमलावर अयोध्या की तरफ भाग निकले।
रेकी के बाद किया हमला
सूत्रों का कहना है कि शोएब लखनऊ से निकलते ही हमलावरों की नजर में आ गया था। तेज रफ्तार में हमला नहीं कर सके, लेकिन जैसे ही उसने गाड़ी सर्विस लेन पर उतारी और स्पीड कम हुई, बाइक सवार आगे निकलकर सामने आए। एक हमलावर ने सामने से फायरिंग शुरू की, दूसरा ड्राइविंग सीट के पास पहुंचकर नजदीक से गोलियां बरसाता रहा। कार के शीशे, बोनट और गेट पर गोलियों के कई निशान मिले हैं।
अस्पताल में हंगामा, 48 घंटे का अल्टीमेटम
पुलिस घायल शोएब को अस्पताल लाई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही वकीलों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया और फिर बस अड्डे के पास जाम लगा दिया। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर समझाया। वकीलों ने 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की है। IG प्रवीण कुमार, डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
गैंगवार की आशंका
शोएब पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार के करीब 12 मुकदमे दर्ज थे। वह IS-191 गैंग से जुड़ा था। 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में हार्ट अटैक से मुख्तार अंसारी की मौत के बाद गैंग में वर्चस्व की लड़ाई की चर्चाएं तेज थीं। सूत्रों के मुताबिक इसी रंजिश में हत्या की आशंका है।
एम्बुलेंस फर्जीवाड़ा और पुराना आपराधिक इतिहास
शोएब का नाम उस चर्चित एम्बुलेंस केस में भी सामने आया था, जिसमें पंजाब से पेशी पर लाए गए मुख्तार की लग्जरी एम्बुलेंस के कागजात फर्जी पाए गए थे। इसके अलावा 1999 के चर्चित जेल अधीक्षक हत्याकांड में भी उसका नाम उछला था, हालांकि बाद में कई आरोपी बरी हो गए। शोएब सिविल लाइन में रहता था, पत्नी शाजिया खान और 15 साल का बेटा अरमान है। एक भाई इंग्लैंड में रहता है। हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।
News Wani
