यूपी की राजधानी लखनऊ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने स्थानीय लोगों के साथ साथ पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं. राजधानी के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की बंद दुकान के डीप फ्रीजर से युवक का शव बरामद हुआ है. बताया गया कि दुकान चार दिन से बंद थी और मालिक भी बाहर गए हुए थे. उनके लौटते ही यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है. फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस जांच में जुटी है.
दुकान मालिक ने खोला फ्रिज तो उड़े होश!
जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक के पिता का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके चलते वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाहर गया था और दुकान बंद कर दी गई थी. करीब चार दिन बाद जब वह वापस लौटा और रोजमर्रा की तरह दुकान खोलकर डीप फ्रीजर चेक किया, तो अंदर एक युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा, जांच की प्रक्रिया जारी
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत कैसे हुई और वह फ्रीजर तक कैसे पहुंचा. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दुकान चार दिन से बंद थी, ऐसे में शव वहां कब और किन परिस्थितियों में रखा गया, यह जांच का अहम बिंदु है.
उत्तरी जोन के पुलिस उपायुक्त गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि बीकेटी थाना क्षेत्र में एक दुकान के फ्रीजर से शव बरामद होने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम भेजी गई. शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच चल रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है.
News Wani
