बांदा। रविवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साली की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर के पास भुजरख गांव निवासी 20 वर्षीय रोहित यादव, पुत्र शिवकरन यादव, रविवार दोपहर अपनी 18 वर्षीय साली शांति, पुत्री हरि प्रसाद, को बाइक से उसके गांव दुरई माफी छोड़ने जा रहा था। गांव से निकलने के बाद वह तिंदवारी कस्बे में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पीएचसी तिंदवारी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शांति को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे महाराणा प्रताप चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रोहित की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई विजय करण यादव ने बताया कि रोहित अपने पिता के साथ राजकोट में रहता था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वहीं, शांति सिमौनी मेला देखने मायके आई थी, जिसे रोहित वापस छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से मृतक की मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के संबंध में सीओ राजवीर सिंह गौर ने जानकारी दी है।
News Wani
