– पूर्व पीएम बाबू जगजीवन राम के चित्र पर पुष्प अर्पित करते कांग्रेसी।
फतेहपुर। कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में जिला व शहर कांग्रेस ने संयुक्त रूप से पूर्व प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर उनको याद किया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने बाबू जगजीवन के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके कृतित्व पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में बाबू जगजीवन राम को एक सफल राजनीतिज्ञ एवं देश प्रेमी बताते हुए कहा कि बिहार के छोटे से जिले आरा में जन्म लेकर अपनी विद्वता के बल पर दिल्ली तक का सफर और उसमें भी लगातार पचास वर्षों तक संसद में बने रहना उनकी सफल राजनीति का प्रमाण है, जो भारतीय संसद में एक रिकार्ड है। उन्होंने यह भी कहा कि साबरमती आश्रम से प्रेरित होकर स्वतंत्रता संग्राम में अपनी अहम भूमिका निभाकर बाबूजी ने अपनी देश भक्ति का प्रमाण भी प्रस्तुत किया जिसे देश कभी भूल नहीं सकता। शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा ने कहा कि हाईस्कूल में टॉप करने के बाद लखनऊ के क्रिश्चियन कॉलेज से पूरी फ्री पढ़ाई एवं अमेरिका भेजने का आफर मिलने के बाद उसे ठुकरा देना भी असल देश भक्ति है जो बाबू जी ने किया। श्री गुड्डा ने आगे कहा कि बीएचयू में अपनी पढ़ाई के दौरान पानी के घड़े की छुआछूत को लेकर उन्होंने घड़ा फोड़ दिया एवं एक ही घड़े में सभी को पानी पीने के लिए विवश कर दिया जो उनकी सामाजिक भेदभाव को दूर करने की पहली लड़ाई थी। जिसे उन्होंने आगे भी जारी रखा और सफल भी रहे। इसी के साथ वरिष्ठ नेता सुधाकर अवस्थी, प्रवक्ता ई देवी प्रकाश दुबे, पप्पू पाल, महराज राम नरेश ओम प्रकाश कोरी ने भी बाबू जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शमशाद, जगत पाल पासवान, कलीम उल्ला सिद्दीकी, डॉ अतुल पासवान, महामंत्री शोभा दुबे, शकीला बानो, शैलेन्द्र सिंह, कौशल कुमार शुक्ला, अजय बच्चा, अकरम काले, राजीव श्रीवास्तव, हम्माद हुसैन आदि लोग मौजूद रहे।

News Wani