किम जोंग और ट्रंप के बीच वार्ता का दिन और स्थान तय, घोषणा जल्द

वाशिंगटन । उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली प्रस्तावित वार्ता की तारीख और स्थान तय हो चुका है। इसकी जानकारी खुद डोनाल्ड ट्रंप ने दी है। प्रस्तावित वार्ता पर सकारात्मक संदेश देते हुए उन्होंने कहा, तारीख और स्थान तय हो चुका है और जल्द ही उसकी घोषणा हो जाएगी। युद्ध के करीब पहुंच चुके अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच शिखर वार्ता होना कुछ महीने पहले तक ख्वाब में भी नहीं सोचा जा सकता था, लेकिन अब उसके लिए हालात तैयार हो गए हैं।

शुक्रवार को टेक्सास रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, हमारी उत्तर कोरिया के साथ फलदायी वार्ता होने जा रही है। उत्तर कोरिया में अमेरिकी बंदियों को लेकर भी बहुत सारी चीजें पहले ही हो चुकी हैं। उम्मीद है कि जल्द हम बहुत कुछ अच्छा देखेंगे। उन्होंने साफ किया कि परमाणु निशस्त्रीकरण पर उत्तर कोरिया की ओर से दस्तखत होने तक उस पर अमेरिकी प्रतिबंध जारी रहेंगे। बाद में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं की ऐतिहासिक वार्ता इसी महीने हो सकती है। अमेरिका की अपेक्षा के अनुरूप परमाणु कार्यक्रम रोकने की उत्तर कोरिया के इच्छा जताने के बाद यह वार्ता होगी।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उत्तर और दक्षिण कोरिया की सीमा पर स्थित पीस हाउस में शिखर वार्ता का प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया उसके लिए तैयार हो गया है। चंद रोज पहले इसी पीस हाउस में किम जोंग उन की दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई इन के साथ सद्भाव के माहौल में वार्ता हुई थी। अमेरिकी सरकार को जानकारी मिली है कि हाल के वर्षों में जिन तीन अमेरिकी नागरिकों को विभिन्न आरोपों में उत्तर कोरिया में बंदी बनाया गया था, उन्हें श्रम शिविरों से प्योंगयांग के नजदीक के एक होटल में ले जाया गया है। उम्मीद की जा रही है कि ट्रंप और किम जोंग की वार्ता से पहले सद्भावना के तौर पर उत्तर कोरिया उन तीनों अमेरिकी नागरिकों को रिहा कर देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.