जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को गुरुवार रात उल्लेखनीय सफलता मिली. ‘ऑपरेशन नारकोस’ के अंतर्गत की गई कार्रवाई में टाटानगर रेलवे स्टेशन से 16 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है. रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी शंकर कुटी के निर्देश पर उड़नदस्ता दल द्वारा स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया. तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 16 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तबरेज आलम और नेयाज अहमद के रूप में हुई है. दोनों बिहार के बेतिया, जिला पश्चिमी चंपारण अंतर्गत भीतहा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा को ओडिशा के रूपरा रोड रेलवे स्टेशन से लेकर ट्रेन के माध्यम से टाटानगर पहुंचे थे. यहां से पटना होते हुए बेतिया तक इसकी आपूर्ति की योजना थी.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार निगरानी, गश्त और छापेमारी की जा रही है. इसी सतर्कता के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है. तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत सुरक्षा बल को दें, ताकि नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
News Wani
