फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर पिता ने अपने बेटे को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए बहुआ पुलिस चौकी के बाहर खुद को आग लगा ली। दीपावली की देर रात हुई इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे शैलेन्द्र सिंह उर्फ शैल को कानपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एक माह पहले शैलेन्द्र सिंह के बेटे लक्ष्य प्रताप सिंह पर डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप था। इस मामले में लक्ष्य प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में जेल से छूटने के बाद लक्ष्य प्रताप सिंह ने 6-7 गाड़ियों के साथ ललौली कस्बे में जुलूस निकाला था।
उसने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डाला। इस वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस 20 अक्टूबर को कुछ लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान लक्ष्य प्रताप सिंह के पिता शैलेन्द्र सिंह उर्फ शैलू बहुआ चौकी के पास पहुंचे और ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।
पुलिस के अनुसार, शैलेन्द्र सिंह पहले भी इस तरह के कृत्य कर चुके हैं। मौके पर मौजूद दो लोगों और बहुआ चौकी के गार्ड ने तुरंत आग बुझाई और अस्पताल पहुंचाया। वर्तमान में शैलेन्द्र सिंह उर्फ शैलू का इलाज कानपुर के जहांगीर हॉस्पिटल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
News Wani
