Breaking News

‘देख लेना ट्रेन से कूद जाऊंगी…’: बहस के बाद बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से दिया धक्का, युवती की मौत

बरेली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां पीने के पानी को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. इससे महिला की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के समाने आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है.

दरअसल, घटना बरेली के सिटी रेलवे स्टेशन की है. स्टेशन अधीक्षक ने मामले की सूचना जीआरपी को दी थी. सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम करीब 5:40 बजे उस समय हुई जब ट्रेन बरेली सिटी स्टेशन पहुंचने वाली थी. बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर के दौरान रुखसाना और उसके प्रेमी के बीच पीने के पानी को लेकर विवाद हो गया. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. इसी दौरान रुखसाना ने ट्रेन से कूदने की धमकी दी. इसी बात पर गुस्से में आकर युवक ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. ट्रेन से गिरते ही महिला ट्रेन की चपेट में आ गई और उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए.

घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ की ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. जीआरपी बरेली सिटी थाने के इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया- हमारे बीच पानी को लेकर विवाद हुआ था. वो बार-बार कह रही थी कि देख लेना मैं ट्रेन से कूद जाऊंगी. फिर मैंने ही उसे ट्रेन से धक्का दे दिया.

भोपाल की रहने वाली थी रुखसाना: मृतक महिला रुखसाना मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली बताई जा रही है. उसका अपने पति इरफान से काफी समय पहले अलगाव हो गया था. रुखसाना के दो बच्चे शादाब और समीर हैं, जो इस समय अपने ननिहाल में रह रहे हैं. पुलिस के मुताबिक रुखसाना काफी समय से मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ बरेली के सुभाषनगर में किराये के मकान में रह रही थी. दोनों के बीच सहमति से संबंध थे और वे साथ ही रहते थे.

बदायूं से लौटते समय हुआ हादसा: दोनों किसी निजी काम से बदायूं गए हुए थे. वहां से गुरुवार को 55307 कासगंज-रामनगर पैसेंजर ट्रेन से वापस बरेली लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रेन में दोनों के बीच झगड़ा हो गया. घटना के बाद जीआरपी ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. साथ ही रुखसाना के परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि परिवार के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

About NW-Editor

Check Also

एक लड़की और 5 लड़के एक कमरे में: दरवाजा खुलते ही बरेली में पुलिस अधिकारी रह गए हैरान

बरेली से एक बार फिर देह व्यापार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *