गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. कई कंपनियों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर काम बंद कर दिया, जिससे औद्योगिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रहीं.
कर्मचारियों का प्रदर्शन : प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत एक स्थान पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि ये कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है. मानेसर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है. हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार सुबह कर्मचारी फिर से एकत्रित होकर प्रदर्शन कर सकते हैं.
एक्सपोर्ट पर पड़ रहा असर : इस प्रदर्शन का सबसे ज्यादा असर निर्यात (एक्सपोर्ट) पर पड़ रहा है, जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. प्रशासन गुरुवार को संभावित प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह सतर्क है और स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को मजबूत किया गया है.
News Wani
