– स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव व ओवरब्रिज निर्माण की उठी मांग
– भारतीय रेलवे बोर्ड के सलाहकार को ज्ञापन सौंपते लोग।
फतेहपुर। जनपद के विकास और यात्रियों की सुविधा को लेकर मांग पत्र उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रयागराज को भेजा गया है। यह पत्र भारतीय रेलवे बोर्ड के सलाहकार आलोक द्विवेदी के माध्यम से प्रेषित किया गया। जिसमें फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। पत्र में जनपद के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों द्वारा 52 क्रांतिकारियों को एक साथ फांसी दिए जाने वाला ऐतिहासिक स्थल बावनी इमली फतेहपुर की पहचान है। ऐसे में स्टेशन के विकास के साथ-साथ इस ऐतिहासिक विरासत को भी सम्मान दिए जाने की आवश्यकता जताई गई है। मांग पत्र में कहा गया कि फतेहपुर स्टेशन से रात 1 बजे के बाद से सुबह 10 बजे तक कानपुर के लिए कोई एक्सप्रेस ट्रेन उपलब्ध नहीं है। वहीं शाम 6.30 बजे से रात 1 बजे तक प्रयागराज के लिए भी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं है। इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और कामगारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस (12561) और महाबोधि एक्सप्रेस (12398) का दो-दो मिनट का ठहराव फतेहपुर स्टेशन पर दिए जाने की मांग की गई है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। पत्र में शादीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। वर्तमान में यहां पुल न होने के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। फतेहपुर रेलवे स्टेशन को और अधिक आकर्षक व ऐतिहासिक पहचान देने के लिए शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा के रचयिता श्याम लाल गुप्त पार्षद का चित्रण तथा भिटौरा, ओघ घाट जैसे धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों की वॉल पेंटिंग कराने का भी सुझाव दिया गया है। इस मौके पर शैलेन्द्र शरन सिम्पल, विनोद गुप्ता, राम रस्तोगी, अर्पित रस्तोगी, शिवबरन, मोहम्मद तसनीम, दिलीप सिंह, अनुज कुमार, प्रभुनारायण आदि मौजूद रहे।

News Wani